सफेद या भूरा अंडा, कौन सा अंड़ा है अधिक हेल्दी      Publish Date : 16/09/2026

सफेद या भूरा अंडा, कौन सा अंड़ा है अधिक हेल्दी

                                                                                                     डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

सफेद या भूरा अंडों में से कौन सा अंड़ा होता है अधिक हेल्दी? इसमें केवन अंड़े के खोल का रंग ही नहीं, बल्कि कुछ चीजें भी तय करती हैं अंडे की गुणवत्ता।

अगर आप भी अंडे खाने के शौकीन है तो यह खबर आपके लिए काम की हो सकती है। अक्सर बाजारों में भूरे और सफेद रंग के अंडे देखने को मिलते हैं और जिनकों देखकर हर किसी के मन में सवाल आता होगा कि आखिर किस रंग अंडे का सेवन शरीर के अधिक लाभकारी होता है, तो इसके बारे में आपको जानकारी दे रहे हैं हमारे स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ0 दिव्याशु सेंगर-

आजकल लोग प्रोटीन की कमी पूरी करने के लिए अंडे को अपनी डाइट में शामिल करते हैं, लेकिन जब कभी लोग बाजारों से अंडे खरीदने के लिए जाते हैं, तो भूरे रंग के अंडे और सफेद रंग अंडे को लेकर सोच में पड़ जाते हैं कि आखिर इनमें से किस रंग का अंडा सेहत के लिए अधिक लाभकारी होता है और किसके सेवन से शरीर को अधिक ऊर्जा मिलती है। तो चलिए आज के अपने इस लेख में डॉक्टर से जानते हैं भूरे और सफदे अंडे में क्या फर्क होता है? किस रंग के अंड़े का सेवन करना हमारे शरीर के लिए अधिक लाभकारी होता है।

आखिर सफेद और भूरे अंडों में क्या अंतर होता है?

सफेद और भूरे अंडों में दिखाई देने वाला सबसे बड़ा अंतर उनके खोल का ही रंग होता है। अलग-अलग नस्ल की मुर्गियों के अंडों का खोल अलग रंग का हो सकता है। कुछ नस्लें आमतौर पर सफेद खोल वाले अंडे देती हैं, जबकि कुछ मुर्गियां भूरे खोल वाले अंडे देती हैं।

यानी अंडे का भूरा या सफेद होना अपने आप उसकी गुणवत्ता का कोई प्रमाण नहीं होता है। अगर दो अंडे समान परिस्थितियों में पाली गई मुर्गियों से प्राप्त किए गए हैं और उनका आहार व उत्पादन व्यवस्था समान है, तो केवल खोल के रंग के आधार पर किसी एक अंडे को अधिक पौष्टिक मानना सही नहीं होता है।

क्या भूरे अंडों में अधिक प्रोटीन होता है?

भूरे अंडों को लेकर एक आम धारणा है कि इनमें सफेद अंडों की तुलना में अधिक प्रोटीन, विटामिन और मिनरल से युक्त होते हैं। हालांकि, अंड़े के केवल खोल का रंग ही इन पोषक तत्वों की मात्रा तय नहीं करता। साथ ही अंडे के पोषण पर मुर्गी का आहार, पालन-पोषण, उम्र और उत्पादन की परिस्थितियां जैसे कई कारक प्रभाव डाल सकते हैं। इसलिए अगर किसी अंडे में ओमेगा-3, विटामिन या किसी अन्य पोषक तत्व की मात्रा अधिक होने का दावा किया जा रहा है, तो केवल उसके खोल का रंग देखकर फैसला कभी नहीं करना चाहिए। इस तरह, भूरे अंडे को सिर्फ इसलिए अधिक हेल्दी मान लेना कि उसका खोल भूरा है, सही तरीका नहीं है।

अंडे खरीदते समय किस चीज को देखें?

अगर आप बाजार से अंडे खरीद रहे हैं तो सफेद या भूरे रंग के बजाय कुछ दूसरी बातों पर ध्यान देना अधिक उपयोगी साबित होता है।

सबसे पहले अंडे की ताजगी देखें

अंडा जितना ताजा होगा, उसकी गुणवत्ता उतनी ही बेहतर तरीके से बनी रहती है। पैकेट पर उपलब्ध तारीख और अन्य जानकारी जरूर देखें।

खोल में दरार न हो

अंडा खरीदते समय उसके खोल को भी ध्यान से देखें, क्योंकि टूटे या दरार वाले अंडों को लेने से बचना जरूरी होता है।

अंड़े साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें

बहुत ज्यादा गंदे या संदिग्ध तरीके से रखे गए अंडों को खरीदने से बचना चाहिए। अंडों की पैकेजिंग और स्टोरेज की स्थिति की भी एक महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

पैकेट की जानकारी को भी पढ़ें

अगर किसी ब्रांड की ओर से अंडों में अतिरिक्त पोषण या किसी खास विशेषता का दावा किया गया है, तो पैकेट पर दी गई जानकारी को ध्यान से जरूर पढ़ें।

अंड़ों को सही तरीके से स्टोर करें

अंडे खरीदने के बाद उन्हें उचित तापमान और साफ-सुथरी जगह पर रखना भी बहुत जरूरी होता है, साथ ही उन्हें गंदगी और तेज गंध वाली चीजों से भी यथासम्भव दूर ही रखें।

सफेद या भूरा आखिर कौन सा अंडा खरीदें?

अगर सफेद और भूरे दोनों अंडे ताजा हैं, सही तरीके से रखे गए हैं और उनकी गुणवत्ता समान है, तो सिर्फ रंग के आधार पर किसी एक को बेहतर मानने की जरूरत नहीं है। सीधी बात यह है कि अंडे के खोल का रंग उसकी पोषण गुणवत्ता का कोई सही पैमाना नहीं है। अंडे खरीदते समय ताजगी, साफ और बिना दरार वाला खोल, स्टोरेज, मुर्गी के आहार से जुड़ी जानकारी और पैकेट पर दिए गए विवरण को प्राथमिकता देना अधिक उपयोगी होता है।

इसलिए अगली बार जब बाजार में सफेद और भूरे अंडों का विकल्प सामने हो, तो केवल रंग देखकर ही कोई फैसला न करें, बल्कि अपनी जरूरत, बजट और उपलब्ध जानकारी के आधार पर अंडे चुनने में ही समझदारी है।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।