हड्डियों को कमजोर करने वाले ड्रिंक्स      Publish Date : 11/03/2025

             हड्डियों को कमजोर करने वाले ड्रिंक्स

                                                                                                                      डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

Facts About Bones: कैल्शियम हमारे शरीर के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण खनिज है, जो हड्डियों और दांतों को मजबूत रखने के साथ-साथ हमारे रक्तचाप, मांसपेशियों और तंत्रिका तंत्र के सही तरीके से संचालन में भी सहायता प्रदान करता है।

                                               

यदि शरीर में कैल्शियम की कमी हो, तो आपकी हड्डियां कमजोर हो सकती हैं और विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का सामना भी करना पड़ सकता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ ऐसे फूड्स भी हैं जो शरीर से कैल्शियम को खत्म कर सकते हैं और हड्डियों को कमजोर बना सकते हैं? हमारे स्वास्थ्य विशेषज्ञ आपको बता रहें हैं कि वो कौन से फूड्स हैं जिनसे आपको बचना चाहिए।

1. कोल्ड ड्रिंक (Soda)

                                                   

कोल्ड ड्रिंक, विशेष रूप से सॉफ्ट ड्रिंक्स, हर पार्टी या समारोह का हिस्सा बन ही जाते हैं। हालांकि, इन्हें ज्यादा मात्रा में पीने से शरीर में कैल्शियम की कमी हो सकती है। इन ड्रिंक्स में फॉस्फोरिक एसिड पाया जाता है, जो शरीर से कैल्शियम के अवशोषण को रोकता है। इसके परिणामस्वरूप हड्डियों का कैल्शियम धीरे-धीरे कम होने लगता है। इसलिए अगर आप हड्डियों को स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो कोल्ड ड्रिंक का सेवन कम से कम करें।

2. रेड और प्रोसेस्ड मीट

                                                       

रेड मीट (जैसे मांसपेशी वाले मांस) और प्रोसेस्ड मीट (जैसे सॉसेज, बेकन, हॉट डॉग्स) आदि का सेवन अत्यधिक करने से यूरिक एसिड की समस्या हो सकती है, जो हड्डियों पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। यह पदार्थ शरीर के भीतर कैल्शियम के अवशोषण को प्रभावित कर सकते हैं और हड्डियों को कमजोर कर सकते हैं। इसलिए, अगर हड्डियों की सेहत का ख्याल रखना है, तो आपको इन फूड्स का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।

3. केक, कैंडी और कुकीज

                                                    

केक, कैंडी और कुकीज जैसे मीठे और प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों में अत्यधिक मात्रा में शक्कर और रिफाइंड कार्बाेहाइड्रेट्स होते हैं, जो कैल्शियम के अवशोषण में रुकावट पैदा करते हैं। इसके अतिरिक्त, ये फूड्स शरीर में सूजन का कारण भी बन सकते हैं, जिससे हड्डियां और भी कमजोर हो सकती हैं। इसलिए, इन अत्यधिक मीठे पदार्थों को नियमित रूप से खाने से बचें और स्वस्थ स्नैक्स का चयन करें।

4. चाय (Tea)

                                                        

चाय में कैफीन पाया जाता है, जो शरीर में कैल्शियम के अवशोषण को कम कर देता है। अगर आप अधिक चाय पीते हैं, तो यह आपकी हड्डियों के लिए खतरनाक हो सकता है। विशेष रूप से अधिक कैफीन वाले चाय या कॉफी का सेवन हड्डियों से कैल्शियम को निकाल सकता है, जिससे आपकी हड्डियां कमजोर हो सकती हैं। इसलिए, चाय का सेवन सीमित मात्रा में ही करें और अधिक पानी या कैल्शियम से भरपूर अन्य पेय पदार्थों का सेवन करें।

5. शराब (Alcohol)

                                                

शराब का अत्यधिक सेवन करना हड्डियों की सेहत पर बहुत बुरा प्रभाव डालता है। शराब शरीर में कैल्शियम के अवशोषण की दर को कम करती है और हड्डियों को कमजोर कर सकती है। यह हड्डियों को चूने के समान बना सकती है और हड्डी के फ्रैक्चर (हड्डी टूटने) का खतरा बढ़ा सकती है। अगर आप हड्डियों को मजबूत रखना चाहते हैं तो शराब का सेवन बहुत सीमित मात्रा में करें।

6. ऑयली फूड्स (Oily Foods)

                                                        

ऑयली फूड्स जैसे समोसा, फ्राइड चिकन और पकोड़ी आदि का अधिक सेवन करना भी हड्डियों के लिए नुकसानदेह हो सकता हैं। ये अत्यधिक वसा और असंतुलित फैट्स से भरपूर होते हैं, जो शरीर में सूजन पैदा कर सकते हैं। इसके परिणामस्वरूप, कैल्शियम का अवशोषण प्रभावित हो सकता है, जिससे हड्डियां कमजोर होने लग जाती हैं। इन फूड्स को सीमित मात्रा में ही सेवन करें और स्वस्थ एवं हल्का भोजन ही ग्रहण करें।

कैल्शियम हड्डियों के लिए महत्वपूर्ण होता है और इसके सही अवशोषण के लिए संतुलित आहार की आवश्यकता होती है। अगर आप अपने हड्डियों को मजबूत और स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो इन फूड्स का सेवन सीमित करें या इनके सेवन करने से पूरी तरह से बचें:-

  1. कोल्ड ड्रिंक
  2. रेड और प्रोसेस्ड मीट
  3. केक, कैंडी, कुकीज
  4. अधिक चाय और कॉफी
  5. अत्यधिक शराब
  6. ऑयली और फ्राइड फूड्स

इसके स्थान पर कैल्शियम से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे दूध, दही, हरी पत्तेदार सब्जियां, ताजे फल, नट्स और बीज आदि का सेवन करें। नियमित रूप से व्यायाम और हड्डियों को मजबूत करने वाली आदतों को अपनाने से भी आप अपनी हड्डियों को स्वस्थ रख सकते हैं।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।