गुर्दें की समस्या की पहिचान      Publish Date : 15/05/2024

                              गुर्दें की समस्या की पहिचान

                                                                                                                                                                       डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

शरीर के इन खास हिस्सों में रहती है सूजन तो समझ जाएं कि डैमेज हो रही है आपकी किडनी, इन संकेतों को इग्नोर करने से डायलिसिस कराने तक की स्थिति आ सकती है।

                                                                         

किडनी के डैमेज होने पर शरीर के विभिन्न अंगों में सूजन नजर आ सकती है। ऐसे में आपको अपने इन लक्षणों पर विशेष ध्यान देना चाहिए और तुरंत ही इसका इलाज शुरु करवाना चाहिए। डॉ0 साहब, बता रहें हैं इन सब के बारे में विस्तार से-

किडनी हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है किडनी हमारे शरीर से विषाक्त पदार्थों को छानकर पेशाब के द्वारा बाहर निकलने का महत्वपूर्ण काम करती है। ऐसे में यदि किडनी ठीक से काम करना बंद कर दे, तो इसके कारण शरीर के सभी प्रमुख अंग प्रभावित होते हैं। इसलिए किडनी के स्वास्थ्य पर ध्यान देना बहुत ही आवश्यक होता है। लेकिन आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण किडनी रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

अक्सर लोग किडनी की बीमारी के लक्षणों पर ध्यान नहीं देते हैं, जिसके कारण धीरे-धीरे स्थिति गंभीर होती चली जाती है और इससे किडनी के डैमेज होने का खतरा बढ़ जाता है। किडनी डैमेज होने से पहले शरीर में विभिन्न प्रकार के लक्षण दिखाई देते हैं। जिनमें से सूजन का आना भी एक ऐसा ही लक्षण है, जो किडनी डैमेज का संकेत भी हो सकता है। किडनी खराब होने से पहले आपके शरीर के कई अंगों में सूजन नजर आने लगती है। अगर आप समय रहते इन संकेतों की पहचान लें, तो किडनी डैमेज होने से रोक सकते हैं। आज के अपने इस लेख में हम आपको बताएंगे कि शरीर के किन अंगों में सूजन किडनी डैमेज होने का संकेत हो सकता है?

पैरों में सूजन का आना

                                                                

पैरों या टखनों में सूजन होना किडनी डैमेज होने का एक आम लक्षण हो सकता है। दरअसल, जब किडनी ठीक तरह से काम नहीं कर पाती है, तो हमारे पैरों में तरल पदार्थ जमा होने लगता है, जिसके कारण पैर सूजे हुए नजर आते हैं। अगर बिना किसी कारण के आपके पैरों या टखनों में सूजन नजर आ रही है, तो इसके समाधान के लिए आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

चेहरे पर सूजन होना

                                                             

किडनी डैमेज होने पर चेहरे पर सूजन भी नजर आ सकती है। अगर अक्सर ही आपके चेहरे पर सूजन बनी रहती है, तो इसे बिल्कुल भी नजर अंदाज न करें। हालांकि, चेहरे पर सूजन कई अन्य कारणों से भी हो सकती है। ऐसे में, सही कारण का पता लगाने के लिए आपको अपने डॉक्टर से मिलकर जांच करवानी चाहिए।

हाथों की सूजन

                                                          

किडनी में खराबी होने पर हाथों में सूजन भी नजर आ सकती है। साथ ही, आपके हाथ की उंगलियों में दर्द भी हो सकता है। अगर आपके हाथों और उंगलियों में सूजन है, तो आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

पेट में सूजन

                                                  

किडनी डैमेज होने पर पेट में भी सूजन हो सकती है। अगर आपको लंबे समय से पेट के एक तरफ सूजन और दर्द महसूस होता है, तो आपको जल्द से जल्द डॉक्टर से मिलकर अपनी जांच करा लेनी चाहिए।

आंखों पर सूजन

                                                      

कई बार नींद पूरी न होने के कारण आंखें सूजी हुई सी नजर आती हैं। लेकिन अगर अक्सर ही आंखों के आसपास सूजन रहती है, तो आपको इस लक्षण को इग्नोर नहीं करना चाहिए। किडनी खराब होने पर आंखों के नीचे सूजन नजर आ सकती है। इस सूजन को पेरिआरबिटल एडिमा के रूप में जाना जाता है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर आपको डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मा जिला अस्पताल मेरठ में मेडिकल ऑफिसर हैं।