
घर की छत या किचन गार्डन में ड्रैगन फ्रूट की खेती Publish Date : 17/09/2026
घर की छत या किचन गार्डन में ड्रैगन फ्रूट की खेती
प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 शालिनी गुप्ता
आज की इस ब्लॉग पोस्ट में हमारे कृषि विशेषज्ञ छत या किचन गार्डन में ड्रैगन फ्रूट को उगाने के बारे में आपको जानकारी प्रदान करने जा रहें है। ऐसे में हमारे कृषि विशेषज्ञों उनसे जानिए कटिंग से पौधा तैयार करने के सबसे आसान तरीके।
आज के समय में हर किसी को होम गार्डनिंग करने का शौक है और कई लोग तो अपनी घरों की बालकनी और गमलों में भी कई तरह के फल और सब्जियां उगाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं पोषक तत्वों से भरपूर ड्रैगन फ्रूट को भी बड़ी आसानी से अपने होम गार्डन में भी उगाया जा सकता है।
आजकल जिस तरह से बाजारों में केमिकल युक्त फल और सब्जियों को बेचा जा रहा है इसका लोगों की सेहत पर बेहद ही बुरा प्रभाव पड़ रहा है और इसी कारण वह बीमार भी पड़ रहे हैं। इसी वजह से लोगों की रुचि होम गार्डनिंग में तेजी से बढ़ रही है, लेकिन क्या आप जानते हैं पोषक तत्वों से भरपूर ड्रैगन फ्रूट को भी आप अपने घर के गार्डन में आसानी से उगा सकते हैं और साथ ही इसकी अच्छी उपज भी प्राप्त कर सकते हैं। अब अपनी इस ब्लॉग पोस्ट में आगे आपको बता रहे हैं होम गार्डन में ड्रैगन फ्रूट उगाने का आसान तरीका।
बीज नहीं, कटिंग से लगाएं पौधा
अगर आप अपने होम गार्डन में ड्रैगन फ्रूट उगाने चाहते हैं तो उसका पौधा बीज की तुलना में कटिंग यानी कलम से पौधे को तैयार करें और कटिंग लेने के तुरंत बाद उसे मिट्टी में लगाने के बजाय कुछ दिनों तक छाया वाली जगह पर रखें। कटे हुए हिस्से को करीब 3 से 5 दिन तक सूखने दें, जिससे कटिंग का घाव सूख जाएंगे। इसके बाद इसे गमले या ग्रो बैग में आसानी से लगाया जा सकता है।
बड़े गमले या ग्रो बैग का करें उपयोग
अगर आप अपने होम गार्डन में ड्रैगन फ्रूट का पौधा लगा रहे हैं तो इस बात का विशेष रुप से ख्याल रखें कि इस पौधे को लगाने के लिए हमेशा बड़े गमले का ही चुनाव आपको करना चाहिए, क्योंकि ड्रैगन फ्रूट का पौधा लगाने के बाद यह बहुत ही तेजी से फैलता है। ऐसे में आप घर पर इसकी खेती करने के लिए करीब 18×18 इंच या 24×24 इंच का बड़ा ग्रो बैग या गमला का उपयोग करने को प्राथमिकता प्रदान करें।
मिट्टी की तैयारी
अगर आप अपने होम गार्डन में ड्रैगन फ्रूट का पौधा लगा रहे हैं, तो ऐसे मिट्टी का चुनाव करें जिसमें पानी आसानी से निकल सकें। इसी के चलते घर पर मिट्टी तैयार करने के लिए आप सामान्य मिट्टी, अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की जैविक खाद और नदी की रेत या कोकोपीट का मिश्रण तैयार कर इस आसान तरीके से आप ड्रैगन फ्रूट के पौधों के लिए स्वस्थ मिट्टी बेहद ही आसानी से तैयार किया जा सकता हैं।
कटिंग को कितनी गहराई में लगाएं?
आप कटिंग तैयार होने के बाद उसके निचले हिस्से को मिट्टी में लगभग 1 से 2 इंच गहराई तक लगाएं. कटिंग को बहुत ज्यादा गहराई में दबाने से बचना चाहिए। पौधे के आसपास की मिट्टी को हल्के हाथ से दबाएं ताकि लगाई गई कटिंग सीधी बनी रहे। साथ ही पौधों को ऐसी जगह पर रखें जहां उन्हें पर्याप्त धूप मिल सकें और साथ ही इस बात का विशेष ख्याल रखें की नई कटिंग पौधों को अधिक पानी नहीं देना चाहिए।
पौधे के लिए सपोर्ट देना जरूरी
ड्रैगन फ्रूट सामान्य पौधों की तरह जमीन पर फैलने के बजाय ऊपर की ओर चढ़ता है। इसलिए गमले में पौधा लगाने के साथ ही लोहे या बांस का मजबूत पोल अथवा फ्रेम लगाना भी जरूरी होता है और जैसे-जैसे पौधा बढ़ेगा, उसकी शाखाओं को सपोर्ट के सहारे ऊपर की ओर बांधा जा सकता है। मजबूत सपोर्ट पौधे को व्यवस्थित तरीके से बढ़ने में मदद करती है और बाद में फल वाली शाखाओं को संभालने में भी उपयोगी रहती है।
अच्छे फल प्राप्त करने के लिए करें प्रूनिंग
जब पौधा सपोर्ट के सहारे ऊपर पहुंच जाए तो उसकी ऊपरी टिप यानी बढ़ती हुई मुख्य नोक की कटाई-छंटाई की जा सकती है। ऐसा करने से पौधे में साइड शाखाएं विकसित होने में मदद मिल सकती है। यही शाखाएं आगे चलकर फूल और फल देने वाली शाखाओं के रूप में विकसित हो सकती हैं। समय-समय पर सूखी, कमजोर या अनावश्यक शाखाओं की छंटाई करने से पौधे को व्यवस्थित आकार देने में भी मदद मिलती है।
कब मिलने लगते हैं फल?
ड्रैगन फ्रूट लगाने के बाद हर किसी के मन में यह सवाल आता होगा कि पौधों से कब फल मिलेंगे तो आपको बता दें कि कटिंग से तैयार किए गए ड्रैगन फ्रूट के पौधे में उचित परिस्थितियों में लगभग 12 से 18 महीने में फल आना शुरू हो सकता है, हालांकि पौधे पर फल आने का वास्तविक समय पौधे की गुणवत्ता, मौसम, धूप, पोषण और देखभाल जैसी परिस्थितियों पर निर्भर करता हैं।
लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।