नारियल के वेस्ट से बना जैविक खाद खेतों के लिए काफी लाभदायक

         नारियल के वेस्ट से बना जैविक खाद खेतों के लिए काफी लाभदायक

                                                                                                                                                             प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 वर्षां रानी

खेतों के लिए नारियल के छिलके से बना जैविक खाद खेतों में काफी लाभदायक साबित हो रहा है। जैविक खाद बनाने का यह एक अद्भुत एवं प्राकृतिक विकल्प है। नारियल के छिलके से बना यह खाद एक प्राकृतिक उपचार है, जो खेतों में मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार, पौधों को पोषण देने और उनके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नारियल के छिलके में कई पोषक तत्व और कई प्रकार की लाभकारी धातुएं उपलब्ध होती हैं जो खेत की मिट्टी को स्थिर बनाए रखती हैं।

                                                          

नारियल को विभिन्न तरीकों से उपयोग किया जाता रहा है। चाहे वह कच्चा नारियल हो या पका/सूखा नारियल, दोनों रूप उपयोग में आते हैं। कच्चे नारियल का पानी पिया जाता है, तो वहीं पके नारियल को खाया जाता है और उसका तेल निकाला जाता है। इसके साथ ही पूजा-पाठ में भी यह नारियल चढ़ाया जाता है। इस तरह नारियल हमारे घरों में कई रूप में उपयोग किए जाते हैं, तो बाजार में कई तरह के केमिकल वाले खाद मिलते है. लेकिन नारियल के छिलके से बनी यह खाद शुद्ध देसी खाद होती. जिससे पौधों को कोई नुकसान नहीं होता है, बल्कि इसके लाभ ही लाभ प्राप्त होते है। अगर आप चाहे तो सूखे नारियल के छिलके निकाल कर उससे जैविक खाद भी तैयार कर सकते हैं।

आपको बता दे कि इस खाद में नाइट्रोजन, फास्फोरस, कॉपर, जिंक और पोटेशियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है. जिससे पौधों को पोषण मिलता है। इसके अलावा यह मिट्टी को भुरभुरी बनाने में भी मदद करता है, जिससे मिट्टी हल्की रहती है. और इस प्रकार से आप नारियल के जो छिलके बेकार समझकर फेंक देते हैं उनका बेहतर उपयाग कर सकते है। नारियल के छिलकों से ऑर्गेनिक खाद बनाने के लिए आपको सबसे पहले सूखे नारियल के छिलके निकाल लेने हैं, उसके बाद इन छिलको को पीस लेना है। इन्हें पीसने के लिए आप मिक्सर की मदद ले सकते हैं। छिलके जितने ज्यादा सूखे होंगे वह उतना ज्यादा अच्छे से पिस जाते हैं।

                                                               

छिलकों को पीस लेने के बाद इन पिसे हुए छिलकों को पानी में डालकर कुछ समय के लिए रख देना है, जिससे छिलका कंपोस्ट बन जाता है। उसके बाद फिर आपको जब यह मिश्रण काला होता दिखे तो इसे धूप में सुखा दें। फिर जो रेशे ज्यादा बड़े-बड़े दिखाई दें उन्हें निकाल लें। इस तरह अब नारियल के छिलके से बना यह देसी खाद तैयार है। इसे आप मिट्टी के साथ मिलाकर पौधे लगाने में इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर पौधे की मिट्टी की हल्की ऊपर से गुड़ाई करके उसमें भी डाल सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल   कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।