फूलगोभी की खेती करने की वैज्ञानिक विधि      Publish Date : 11/10/2024

                    फूलगोभी की खेती करने की वैज्ञानिक विधि

                                                                                                                                        प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 रेशु चौधरी

कृषि के क्षेत्र में अब व्यापक बदलाव आ रहा है और किसान अब खेती से सम्बन्धित नई तकनीकों और तरीकों को अपनाने में भी काफी रुचि ले रहे हैं। इस समय पारंपरिक खेती से हटकर सब्जियों की खेती पर खासा जोर दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि की जा सके। विशेष रूप से, फूलगोभी की खेती करना किसानों के लिए लाभदायक साबित हो रहा है, क्योंकि बाजार में फूलगोभी की डिमांड भी लगातार बनी रहती है इससे किसान लाखों रुपए का मुनाफा कमा सकते हैं।

                                                             

मेरठ के नगला ताशी गांव के प्रगतिशील किसान लोकेन्द्र सिंह पिछले दो सालों से फूलगोभी की खेती कर रहे है, लोकेन्द्र सिंह ने बताया कि इस साल उन्होंने दो एकड़ जमीन पर फूलगोभी की फसल लगाई है।

लोकेन्द्र सिंह ने किसान जागरण डॉट कॉम की टीम से बातचीत में बताया कि अगर खेती को सही तरीके से किया जाए तो एक एकड़ जमीन से कोई भी किसान 2 लाख रुपये से अधिक का मुनाफा कमा सकता है।

लोकेन्द्र सिंह ने बताया कि बारिश के मौसम में फूलगोभी की खेती करने से कुछ ही सप्ताह में फसल तैयार होने लगती है। सितंबर और अक्टूबर की शुरुआत में फूलगोभी की खेती करने के लिए प्रति एकड़ लगभग 50,000 से 60,000 रुपये का खर्च आता है। इसमें बीज, खाद, दवाइयां, मजदूरी और अन्य खर्च शामिल है।

                                                                   

फूलगोभी के पौधे लगभग 50 से 60 दिन में तैयार हो जाते हैं और उनमें फल आना शुरू हो जाता है। हालांकि, इस दौरान किसानों को विशेष ध्यान देना होता है, क्योंकि अधिक वर्षा के होने से खेतों में पानी भर जाने पर फसल खराब भी हो सकती है और इसके साथ ही, कीटों से बचाव के उपाय करना भी बहुत जरूरी होता है।

प्रगतिशील किसान लोकेन्द्र सिंह का कहना है कि एक एकड़ जमीन पर फूलगोभी की खेती करके वह 2 लाख रुपये से अधिक कमा लेते हैं, जिसमें लगभग 1-2 लाख रुपये का मुनाफा होता है। लोकेन्द्र सिंह की सफलता की कहानी यह साबित करती है कि यदि सही तकनीक और ध्यान से फूलगोभी की खेती की जाए तो यह किसानों को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने में अपेक्षित सहायता कर सकती है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल   कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।