खजाने का श्राप बना मुगलों की बर्बादी की वजह      Publish Date : 13/10/2026

खजाने का श्राप बना मुगलों की बर्बादी की वजह

                                                                                                         प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं अन्य

कभी दुनिया भर में अपनी शान-ओ-शौकत के लिए विख्यात मुगल साम्राज्य के सामने पतन का ऐसा दौर भी आया, जब इसके सामने शापित खजाने को खोलने के अलावा कोई दूसरा चारा ही नहीं बचा। इतिहास के पन्नों में मुगलों की बर्बादी की वह दास्तान दर्ज है, जो इस खजाने और उससे जुड़े श्राप से संबंधित मानी जाती है।

                                 

अकबर के शासनकाल में मुगल वैभव अपने चरम पर था। उनके पुत्र जहांगीर और पौत्र शाहजहां ने भी इस परंपरा को बरकरार रखा। परन्तु, जब औरंगजेब ने गद्दी संभाली, तो उस समय तक हालात काफी बदल चुके थे। लगातार युद्धों के चलते शाही खजाना खाली होने लगा। आखिरकार औरंगजेब को वह फैसला लेना पड़ा, जिसे वह कभी नहीं लेना चाहता था अर्थात उस श्रापित खजाने को खोलने का फैसला। रॉयल एशियाटिक सोसाइटी जर्नल के एक फरवरी, 1925 के अंक में इस पूरे प्रकरण का उल्लेख दर्ज है।

इंग्लिश काउंसिल के प्रेसिडेंट गेराल्ड आंगियर ने 1676 ईस्वी में ईस्ट इंडिया कंपनी के निदेशकों के समक्ष कहा था कि इंग्लैंड से भारत लाए गए सोने के दाम इसी खजाने के खुलने की वजह से गिरे थे।

दरअसल, अकबर के इस खजाने को श्रापित खजाना माना जाता था। किंवदंती थी कि उस खजाने की रक्षा सांप करते हैं और जो कोई भी उसके द्वार खोलेगा, उसकी बर्बादी एवं मृत्यु निश्चित है। हालांकि, औरंगजेब ने मुख्य द्वार खोलने के बजाय दीवार में छेद कर खजाने से सोना निकलवाया था। जब यह खजाना खोला गया, तो उसके तांबे के विशाल दरवाजों पर फारसी में लिखा था कि जो भी इसे खोलेगा, उसकी मौत तय है।

                                

औरंगजेब जानता था कि सेना का खर्च उठाने के लिए उसे यह जोखिम लेना ही होगा और, यहीं से मुगलों की बर्बादी का रास्ता भी खुल गया। शापित सोना बाजार में आते ही सेाने के दाम गिरने लगे और, यहीं से मुगल साम्राज्य के बिखराव की शुरुआत भी हुई।

इतिहासकार मनूची ने भी स्टोरिया दो मोगोर में इस खजाने का उल्लेख किया है। इतिहासकार विंसेंट स्मिथ के अनुसार, अकबर के पास चार करोड़ पाउंड की संपत्ति थी। जहांगीर की इंसाफ की जंजीर 30 गज लंबी थी और यह छह मन सोने से बनी थी। विलियम हॉकिंस के अनुसार, नूरजहां ने उन्हें 40 मोतियों का एक हार दिया था, जिसके एक मोती की कीमत चार हजार पाउंड थी।

मयूर सिंहासन की कीमत लगभग 60 लाख पाउंड आंकी गई है। बहरहाल, लगातार युद्धों ने औरंगजेब के शासनकाल में मुगल खजाने को कमजोर कर दिया। ऐसे में कहा जा सकता है कि शायद हर खजाने का अंत कुछ इस तरीके से ही होता है।

किंवदंती थी कि अकबर के उस श्रापित खजाने की रक्षा सांप करते हैं और जो कोई भी उसके द्वार को खोलेगा, उसकी बर्बादी व मृत्यु निश्चित है।

औरंगजेब ने भी खजाने के मुख्य द्वार खोलने के बजाय दीवार में छेद कर खजाने से सोना निकलवाया और, यहीं से उसकी बर्बादी का रास्ता भी खुल गया। इतिहासकार मनूची ने अपने यात्रा-वृत्तांत में भी अकबर के इस खजाने का उल्लेख किया है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।