गार्गी गर्ल्स पब्लिक स्कूल की छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण      Publish Date : 08/10/2026

गार्गी गर्ल्स पब्लिक स्कूल की छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण

  • गार्गी गर्ल्स पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने जैव-प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में किया शैक्षणिक भ्रमण

​सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ के माननीय कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण एवं व्यावहारिक ज्ञानवर्धन को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में जैव-प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में गार्गी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, मेरठ की 52 छात्राओं के लिए एक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं के साथ विद्यालय के शिक्षक नित्या शर्मा, कुलदीप चौहान, राहुल शक्य एवं हिमांशु अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

                               

​इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को जैव-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में संचालित आधुनिक अनुसंधान गतिविधियों, उन्नत प्रयोगशाला तकनीकों, वैज्ञानिक उपकरणों तथा उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों से परिचित कराना था। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने जैव-प्रौद्योगिकी महाविद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं का क्रमवार अवलोकन किया तथा वहां चल रहे अनुसंधान एवं प्रयोगात्मक कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

​जैव-प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर. एस. सेंगर के मार्गदर्शन में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों ने छात्राओं को प्रयोगशालाओं में प्रयुक्त आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक उपकरणों, प्रयोगात्मक प्रक्रियाओं एवं अनुसंधान विधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

                             

​कार्यक्रम के दौरान डॉ. पंकज चौहान, डॉ. निलेश कपूर, डॉ. रेखा दीक्षित, डॉ. बुद्धेश गौतम एवं डॉ. अमित कुमार बालियान ने छात्राओं को संबंधित प्रयोगशालाओं में संचालित अनुसंधान कार्यों, उन्नत तकनीकों एवं वैज्ञानिक प्रक्रियाओं से अवगत कराया। वहीं प्राध्यापकों के निर्देशन में कार्यरत स्नातक विद्यार्थियों आदित्य सिंह चौहान, चिरंजीव चौधरी, संकेत शर्मा एवं गरिमा शर्मा ने छात्राओं को प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली तथा आधुनिक उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक परिचय दिया।

​छात्राओं ने विभिन्न प्रयोगशालाओं में संचालित गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा जैव-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रयुक्त तकनीकों एवं उनके अनुप्रयोगों को समझा। इस दौरान छात्राओं ने वैज्ञानिक प्रक्रियाओं को लेकर उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनकी जिज्ञासाओं का विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों ने समाधान किया।

​इसके साथ ही छात्राओं को कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं अन्य संबद्ध क्षेत्रों में जैव-प्रौद्योगिकी के उपयोग व महत्त्व की जानकारी दी गई। इस प्रकार छात्राओं को कक्षा में पढ़े गए सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक प्रयोगशाला वातावरण से जोड़ने का अवसर मिला।

​कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान अभिरुचि एवं नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा व अनुसंधान के विभिन्न क्षेत्रों से परिचित कराने के साथ-साथ भविष्य की संभावनाओं को समझने में सहायक सिद्ध होते हैं।