
यूपी कैटेट के लिए आवेदन प्रक्रिया आरम्भ, 30 अप्रैल तक कर सकते हैं ऑनलाईन आवेदन Publish Date : 06/04/2026
यूपी कैटेट के लिए आवेदन प्रक्रिया आरम्भ, 30 अप्रैल तक कर सकते हैं ऑनलाईन आवेदन
प्रदेश के कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली यूपी कैटेट-2026 प्रवेश परीक्षा के सन्दर्भ में प्रक्रिया आरम्भ हो चुकी है। कृषि विश्वविद्यालय, मेरठ के कुल सचिव रामजी सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लि ऑनलाईन आवेदन 30 मार्च से प्रारम्भ होकर 30 अप्रैल 2026 तक जारी रहेंगे।
उन्होंने बताया कि इस संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय. कानपुर, आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, अयोध्या और सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम, मेरठ के सहित प्रदेश के अन्य कृषि एवं विश्वविद्यालयों में संचालित स्नातक, परास्नातक और पीएचडी पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाता है। इससे प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को एक ही मंच के माध्यम से उच्च कृषि शिक्षा में प्रवेश पाने का अवसर प्राप्त होता है।

कुलसचिव के अनुसार, इस प्रवेश परीक्षा का आयोजन 10 और 11 जून, 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षा के लिए बांदा, कानपुर, मेरठ, अयोध्या, वारणसी, झांसी, लखनऊ, बरेली और गोरखपुर समेत कई अन्य प्रमुख नगरों में परीक्षा केन्द्र बनाए जाएंगे, जिससे कि दूर-दराज के परीक्षार्थियों को सुविधा प्राप्त हो सके।
परीक्षा से सम्बन्धित पाठ्यक्रम, सीटों की संख्या, आरक्षण व्यवस्था, शुल्क और परीक्षा के पैटर्न आदि की विस्तृत जानकारी अधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा चुकी है। बातचीत के दौरान डॉ0 रामजी सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र के अन्तर्गत करियर की सम्भावनाएं बहुत तेजी के साथ बढ़ रही हैं।
आधुनिक तकनीकों, शोध एवं नवाचार आदि के चलते अब कृषि शिक्षा की मांग भी लगातार बढ़ती जा रही है, इस स्थिति को देखते हुए इस वर्ष बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होने की सम्भावना है।

डॉ0 रामजी सिंह ने अभ्यर्थियों को सलाह देते हुए कहा कि वह अपने आवेदन की प्रक्रिया को समय के रहते ही पूर्ण कर लें और वेबसाइट पर जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन सावधानीपूर्वक करना सुनिश्चित् करें। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाईन ही होगी और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए आवेदन प्रक्रिया के समस्त चरण डिजिटल रूप से ही सम्पन्न किए जाएंगे।
ऐसे में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए अभ्यर्थियों को अपना आवेदन पत्र भरते समय विशेष सावधानियाँ बरतने की आवश्यकता है।
