एक दुग्धकाल में 3,000 लीटर दूध देने वाली गाय      Publish Date : 02/02/2026

       एक दुग्धकाल में 3,000 लीटर दूध देने वाली गाय

राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई), करनाल द्वारा विकसित संकर नस्ल की गाय करण फ्रीज और बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) द्वारा तैयार की गई वृंदावनी नस्ल की गाय को आधिकारिक मान्यता मिल गई है।

गाय की इन दोनों नस्लों को पंजीकृत कर लिया गया है। ये नस्लें 10 महीने के दुग्धकाल में 3,000 लीटर से अधिक दूध दे सकती हैं, जो देशी नस्लों (1,000-2,000 किलो) से अधिक है। करण फ्रीज नस्ल थारपारकर गाय और होल्स्टीन-फ्रीजियन बैल का क्रॉस है। वहीं, वृंदावनी गाय होल्स्टीन-फ्रीजियन, ब्राउन स्विस और जर्सी के साथ हरियाणा गाय का मिश्रण है।

आईसीएआर-राष्ट्रीय पशु आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो ने हाल में पशुधन एवं मुर्गियों की कुल 16 नई नस्लों का पंजीकरण किया है। आईसीएआर के महानिदेशक प्रोफेसर एम.एल. जाट ने कहा है कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती को देखते हुए अपने मौजूदा आनुवंशिक संसाधनों का संरक्षण जरूरी है ताकि भविष्य में उनका उपयोग किया जा सके।