
राजकीय इंटर कॉलेज सिखेड़ा के छात्र-छात्राओं ने बायोटेक्नोलॉजी कॉलेज की टिश्यू कल्चर प्रयोगशाला का भ्रमण किया Publish Date : 29/11/2025
राजकीय इंटर कॉलेज सिखेड़ा के छात्र-छात्राओं ने बायोटेक्नोलॉजी कॉलेज की टिश्यू कल्चर प्रयोगशाला का भ्रमण किया
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में राजकीय इंटर कॉलेज सिखेड़ा की छात्र-छात्राओं ने आज कॉलेज के प्रधानाचार्य के नेतृत्व में बायोटेक्नोलॉजी महाविद्यालय की टिश्यू कल्चर प्रयोगशाला का भ्रमण कर नई तकनीक का अवलोकन किया। हापुड़, बिजनौर, मुजफ्फरनगर तथा गाजियाबाद आदि जिलों के छात्र-छात्राएं कृषि विश्वविद्यालय में पहुंचकर कृषि विज्ञान में अपनाई जा रही नवीनतम तकनीकों को अवलोकन करने हेतु पहुंच रहे हैं।

कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के. के- सिंह के दिशा निर्देशन में कृषि विश्वविद्यालय में अधिक से अधिक स्कूलों के बच्चों का भ्रमण कराया जा रहा है, जिससे छात्र-छात्राएं कृषि विज्ञान के बारे में जानकारी हासिल कर सकें और भविष्य में कृषि विज्ञान को अपने शिक्षण में अपना सके। कृषि विज्ञान के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए यह एक नई पहल है, जिसके अंतर्गत स्कूली छात्र विश्वविद्यालय परिसर में आकर तकनीकी ज्ञान को हासिल कर रहे हैं।

डायरेक्टर ट्रेंनिंग प्लेसमेंट डॉ आर. एस. सेंगर ने बताया कि इस भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को टिशु कल्चर से पौधों का विकास कैसे किया जाए तथा प्रयोगशाला का अवलोकन कराया गया। साथ ही डॉक्टर निधि सिंह द्वारा हाइड्रोपोनिक्स टेक्निक्स में स्ट्रॉबेरी के वृक्षों को विकसित किए जाने का मॉडल भी दिखाया गया। डॉ निधि सिंह ने बताया कि सीड मनी के अंतर्गत इस परियोजना पर शोध कार्य किया जा रहा है।
