उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून की दस्तक      Publish Date : 16/06/2025

                  उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून की दस्तक

यूपी में प्री-मानसून ने दी दस्तक, आगरा में हुई झमाझम बारिश अब गर्मी से मिलेगी राहत

भीषण गर्मी के बीच आगरा में दो दिन पहले ही प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है। सुबह-सुबह हुई झमाझम बारिश ने लागों को तरबतर कर दिया। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

आगरा में भीषण गर्मी के बीच सोमवार की सुबह झमाझम बारिश हुई। सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छा गए। हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र ने 17 से 20 जून तक प्री-मानसून के दस्तक देने का अनुमान बताया गया था, लेकिन एक दिन पहले ही बारिश हो गई।

                                                         

कई दिनों से थी भीषण गर्मी

प्रदेश में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी। रविवार को इस भीषण गर्मी से मामूली राहत मिली है। पूरे दिन बादल छाए रहे और हवा चली। अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई और यह 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता की स्थिति में भी कमी आई है।

प्री मानसून ने दी दस्तक

मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है। आगरा में अगले दो से तीन दिन में प्री-मानसून की बारिश होने की उम्मीद थी, लेकिन सोमवार सुबह ही झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत प्रदान की। इसके बाद तापमान में और गिरावट आ गई है, जिससे लोगों को काफी राहत प्राप्त हुई है।