15 मर्सिडीज और 2 रोल्स रॉयस के बराबर भैंसे की कीमत      Publish Date : 18/10/2024

       15 मर्सिडीज और 2 रोल्स रॉयस के बराबर भैंसे की कीमत

                                                                      

मेरठ के सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्विद्यालय में आयोजित किए जा रहे किसान मेले का कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उद्घाटन किया। इस दौरान यहां आने वाले कई जानवर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्विद्यालय में तीन दिवसीय अखिल भारतीय किसान मेला और कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले इस मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और राज्य मंत्री बलदेव औलख ने किया।

इस किसान मेले में हरियाणा के सिरसा से आया एक भैंसा मेले में सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस भैंसे का नाम अनमोल है, जिसकी कीमत 23 करोड़ रुपये है। भैंसे को देखने के लिए अन्य जिलों से लोग भी यहां पहुंच रहे हैं। भैंसे की 23 करोड़ रुपये की कीमत सुनकर सभी लोग दंग रह जाते हैं।

इसका कारण यह है कि 23 करोड़ रुपये कोई छोटी-मोटी रकम नहीं होती है। इतने पैसे से डेढ़ करोड़ रुपये के कीमत वाली करीब 15 मर्सिडीज कार खरीदी जा सकती है, जबकि 12 करोड़ रुपये वाली दो की रोल्स रॉयस भी खरीदी जा सकती हैं। इन महंगी लग्जरी कारों पर यह अनमोल भैंसा भारी है. जो सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित किसान मेले में सिरसा, हरियाणा से आया था। 

भैंसे की डाइट में शामिल है ये चीजें

हरियाणा के सिरसा के रहने वाले इस भैंसे के मालिक जगतार सिंह ने बताया कि अनमोल आठ साल का हो गया है, उसने कई ईनाम जीते हैं। जगतार सिंह ने भैंसे अनमोल की डाइट को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस भैंसे के बारे में जानने और इसकी डाइट के बारे में जानने के लिए लोग काफी जिज्ञासु दिखे। जगतार सिंह ने बताया कि वह अपने भैंसे अनमोल को हर रोज की डाइट में 5 किलो दूध, चार किलो अनार, 30 केले, 20 अंडे, ढाई सौ ग्राम बादाम, गुलकंद और चारा खिलाते हैं। इस भैंसे को दिन में दो बार नहलाया जाता है। इसके अलावा सरसों और बादाम के तेल से मालिश भी की जाती है।

4-5 लाख में बिकता है सीमन

                                                                

अनमोल भैंसे में कई विशेषताएं है। उसका डील-डोल लोगों को खूब भा रहा है। अनमोल के मालिक जगतार सिंह ने बताया कि हर महीने उनके भैंसे का सीमन चार से पांच लाख रुपये तक का बिक जाता है। सीमन लेने के लिए टीम सिरसा से उनके घर पहुंचती है।

अनमोल मुर्रा नस्ल का भैंसा है, इसलिए भी उसके सीमन की डिमांड काफी अधिक रहती है। लोग सीमन को खरीदने के लिए देश के कोने-कोने से उनसे संपर्क करते हैं। जगतार सिंह ने बताया कि वह अनमोल भैंसे के डाइट पर हर महीने 60 हजार रुपये खर्च करते हैं। उन्होंने बताया कि इस भैंसे से हर महीने वह चार से पांच लाख रुपये का मुनाफा भी कमाते हैं।

मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्विद्यालय में लगे किसान मेले में जब लोगों को पता चला कि 23 करोड़ रुपये की कीमत का भैंसा अनमोल यहां आ रहा है, तो बस फिर क्या था कई जिलों के लोग अनमोल को देखने मेरठ पहुंच गए।

भैंसे को देखने वालों की उमड़ी भीड़

दिल्ली के अमित, हापुड़ के श्याम सिंह, बागपत के राजपाल और गढ़ के वीर सिंह आदि किसान अनमोल को देखने के लिए ही मेरठ आए हैं। इस दौरान लोग अनमोल भैंसे के साथ सेल्फी लेते हुए खूब दिखाई पड़ रहे हैं, जबकि कई लोग ऐसे जो इस कीमती भैंसे की तस्वीर अपने मोबाइल में बतौर बेहतरीन यादों के रुप में रखते हैं।

                                                             

सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्विद्यालय मेले लक्ष्मी और रानी नाम की दो भैंसे भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। यह दोनों हर रोज 30 लीटर दूध देती हैं और इसके अलावा देसी नस्ल की गाय और बैल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।