अब कार्बन क्रेडिट से कमाई कर सकेंगे किसान      Publish Date : 06/10/2024

              अब कार्बन क्रेडिट से कमाई कर सकेंगे किसान

देश में अब जल्द ही पेड़ फल, लकड़ी और ऑक्सीजन के अलावा अतिरिक्त रुपये भी देंगे। कानपुर समेत सात मंडलों के ऐसे सभी किसानों को इस योजन का लाभ मिलेगा, जिनके पास न्यूनतम 25 बड़े पेड़ हैं। पेड़ कार्बन सोख कर पर्यावरण शुद्ध करते हैं, लिहाजा किसानों को इसका इनाम मिलने जा रहा है। पांच साल में एक बार इन किसानों को 300 रुपये प्रति पेड़ का भुगतान प्राप्त होगा। इसके लिए प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने दो कंपनियों से एमओयू साइन किया है।

                                                                

क्योटो प्रोटोकॉल में स्वच्छ विकास प्रक्रिया (सीडीएम) का प्रावधान है। इसके अनुसार ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी लाने के लिए किसानों को पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी पहल के अन्तर्गत इस योजना को लागू किया जा रहा है, जिससे किसानों को अतिरिक्त धन प्राप्त हो सकेगा।

                                                           

पहले चरण में यह योजना गोरखपुर, बरेली, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद और सहारनपुर मंडलों में लागू की जा चुकी है। अब इसे कानपुर, देवीपाटन, अयोध्या, झांसी, मिर्जापुर, वाराणसी और अलीगढ़ मंडलों में भी शुरू किया जा रहा है।

लखनऊ में प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने टेरी (द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट) और सिंगापुर की कंपनी वैल्यू नेटवर्क वेंचर्स प्राइवेट से एमओयू साइन किया है। वैल्यू के पास ज्यादा कार्बन उत्सर्जन कर रही कंपनियों की सूची उपलब्ध है।