
पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार विभिन्न योजनाएं चला रही Publish Date : 16/12/2025
पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार विभिन्न योजनाएं चला रही
पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही सरकार:– केन्द्र सरकार पशुपालक किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है इनसे ऐसे पशुपालक किसानों को लाभ भी हो रहा है।
केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में कहा कि सरकार पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने के लिए कई सारी योजनाएं चला रही है, जो किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ-साथ दूध उत्पादन को भी सुधारने में मदद कर रही हैं।
एनपीडीडी योजना के तहत राज्य की डेयरी अवसंरचना को मजबूत करने में मदद दी जा रही है। योजना के अंतर्गत दूध की खरीद, प्रसंस्करण और शीतलन सुविधाओं का निर्माण और उन्नयन किया जाता है। इसके साथ ही दूध की सही जांच करने के लिए अच्छे और भरोसेमंद टेस्ट करने वाले उपकरण लगाए जाते हैं और सौर ऊर्जा या थर्मल स्टोरेज सिस्टम वाले दूध कूलर (बीएमसी) ग्राम स्तरीय डेयरी सहकारी समितियों को उपलब्ध कराए जाते हैं। इस योजना के तहत अब तक 52 सौर ऊर्जा चालित बीएमसी स्वीकृत किए जा चुके हैं।

एएचआईडीएफ के माध्यम से दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र, शीतलन अवसंरचना, मूल्य वर्धित डेयरी इकाइयों और नवीकरणीय ऊर्जा प्रणालियों की स्थापना और आधुनिकीकरण के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है। इससे डेयरी सहकारी समितियों, एफपीओ, स्वयं सहायता समूहों और निजी उद्यमियों को बिजली एवं प्रसंस्करण संबंधी कमियों को दूर करने में मदद मिलती है। बरौनी (बिहार), बनासकांठा (गुजरात) और एर्नाकुलम (केरल) के दुग्ध संघों को सौर ऊर्जा चालित डेयरी प्रसंस्करण इकाइयों के लिए भी सहायता दी गई है।
